अलीगढ़ । शादी का बचा भोजन खाकर 40 से अधिक लोग बीमार हो गए। करीब 20 बराती भी बीमार हुए। इनमें बच्चे व बुजुर्ग भी शामिल हैं। सभी ने उल्टी, दस्त, जी मिचलाने व चक्कर आने की शिकायत की।
10 से अधिक लोगों को गंभीर हालत में अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन की टीम ने नमूना जांच को भेजे हैं।
गुलाब जामुन और गाजर का हलवा मुहल्ले में बांटा
डोरी नगर निवासी गेंदालाल फिरोजाबाद में पुलिस विभाग में दारोगा हैं। रविवार को उनकी बेटी संध्या की शादी थी। बाबा कालोनी, नगला मानसिंह से बरात आई। दावत के बाद अधिकतर बराती रात में लौट गए। काफी गुलाब जामुन व गाजर का हलवा बच गया, जिन्हें गेंदालाल ने प्रेमभाव के चलते सोमवार दोपहर मुहल्ले में बंटवा दिया। कुछ घंटे बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई। लोगों ने गेंदालाल के घर पहुंचकर हंगामा किया। रसगुल्ले-हलवा खाकर गेंदालाल का बेटा अभिषेक व आकाश, साली किरन व उनकी बेटी कंचन व बेटी चांदनी भी बीमार हो गए।
अस्पताल में कराना पड़ा भर्ती
मुहल्ले के सोरन सिंह की पत्नी उर्मिला व बेटा विशाल, रूप सिंह की बेटी बेबी व बेटा चेतन को निजी अस्पताल, पुरानी पुलिया निवासी सरिता को दीनदयाल अस्पताल व दो वर्षीय बेटे अनुराग को निजी अस्पताल, ज्ञानेश व हर्षिता समेत 10 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। नगला मानसिंह में भी करीब 20 लोगों की तबीयत बिगड़ी। स्वास्थ्य विभाग के महामारी रोग विशेषज्ञ डा. शुएब अंसारी ने डोरी नगर में प्रभावित लोगों के घर पहुंचकर जानकारी ली। अस्पताल भी पहुंचे। एक टीम नगला मानसिंह भी गई।
प्रथमदृष्टया बचे हुए गुलाब जामुन व हलवा विषाक्त होने के कारण लोगों की तबीयत बिगड़ी है। दोनों ही मिठाई मावा से तैयार हुईं, उसमें गड़बड़ी हो सकती है। मरीजों की सेहत में सुधार है। टीम निगरानी कर रही है। डा. नीरज त्यागी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
