सरकारी चक रोड़ पर दबंगों का कब्जा, किसानों की राह हुई मुश्किल
जलेसर/एटा: ग्राम गढ़िया जलेसर में एक महत्वपूर्ण सरकारी चक रोड़ पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। ग्रामवासियों ने आरोप लगाया है कि गांव के ही दबंग परिवार ने चक रोड़ को जबरन अपने खेत में मिला लिया है, जिससे आसपास के किसानों को खेतों तक आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवादित चक रोड गाटा संख्या 170 व 202 पर स्थित है, जिसका उपयोग ग्रामीण वर्षों से कृषि कार्य हेतु आवागमन के लिए करते आ रहे थे। अब इस मार्ग पर दौलतराम पुत्र आसाराम, उनके पुत्र हिरदेश कुमार (शिक्षक, प्रा. वि. बिशुनीपुर, जलेसर) एवं उनके भाई पोखपाल द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त परिवार राजनीतिक रूप से प्रभावशाली है। यही कारण है कि गांव में कोई खुलकर इनके विरुद्ध में बोलने की हिम्मत नहीं कर पा रहा है। बताया जा रहा है कि हिरदेश कुमार सरकारी शिक्षक होते हुए भी राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। हाल ही में 14 सितंबर को आयोजित अवंतीबाई लोधी जयंती समारोह में वे बतौर अध्यक्ष मंच पर मौजूद रहे थे।
पीड़ित ग्रामीण सत्य प्रकाश ने जिलाधिकारी एटा को प्रार्थना पत्र भेजकर इस अवैध कब्जे की निष्पक्ष जांच कराने व अतिक्रमण हटवाने की मांग की है। ग्रामीणों की मांग है कि चक रोड़ को तत्काल मुक्त कराया जाए ताकि जनसामान्य को हो रही परेशानी से निजात मिल सके।
