🌸 *मिशन शक्ति फेज 5.0 के अन्तर्गत शिवसिंहपुर में महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक — शासन की योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
एटा। मा० मुख्यमंत्री जी की मंशानुसार एवं महिला कल्याण विभाग, उ0प्र0 लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह के निर्देशन तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी अजय पाल सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति फेज 5.0 विशेष अभियान के अन्तर्गत आज जनपद एटा के ग्राम शिवसिंहपुर में एक जागरूकता चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्राम की महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान अंकिता सक्सैना एवं पूजा मिश्रा द्वारा उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, विधवा पेंशन योजना, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 आदि सेवाओं की उपयोगिता और लाभों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर तथा सुरक्षित बनाना है। चौपाल के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान तक बैठी महिला तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है। कार्यक्रम में ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी रही। महिलाओं ने योजनाओं से संबंधित अपने प्रश्न भी पूछे, जिनका समाधान मौके पर ही अधिकारियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर ग्राम के सम्मानित नागरिकों, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, आशा बहुओं तथा स्थानीय प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
