ODOP घुंघरू-घंटी उद्योग को बढ़ावा देने पर जोर, आयुक्त ने किया जलेसर का निरीक्षण
————————————————-
पटना पक्षी विहार में पर्यटन विकास कार्यों की प्रगति की भी की समीक्षा
एटा। अलीगढ़ मण्डल की आयुक्त एवं नोडल अधिकारी श्रीमती संगीता सिंह ने सोमवार को जनपद एटा के जलेसर क्षेत्र का दौरा करते हुए वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) के तहत प्रसिद्ध घुंघरू-घंटी उद्योग और पटना पक्षी विहार का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विकास की संभावनाओं को देखते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए।
जलेसर पहुंचने पर जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह ने आयुक्त महोदया को घुंघरू-घंटी उद्योग की पारंपरिक निर्माण प्रक्रिया, कारीगरों की वर्तमान स्थिति, निर्यात संभावनाओं तथा उद्योग को आधुनिक तकनीक और विपणन साधनों से जोड़ने हेतु उठाए जा रहे कदमों से अवगत कराया। कारीगरों से बातचीत के दौरान आयुक्त ने उनके सुझाव सुने और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि ODOP के अंतर्गत कारीगरों को कौशल उन्नयन, वित्तीय सहायता, मशीनरी उपलब्धता तथा ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर उत्पादों को बढ़ावा देने जैसी कई सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। आयुक्त ने कहा कि जलेसर का घुंघरू-घंटी उद्योग जनपद की विशिष्ट पहचान है, इसलिए इसके प्रचार-प्रसार और राष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इसके उपरांत आयुक्त महोदया पटना पक्षी विहार पहुंचीं, जहाँ उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि पर्यटक सुविधाओं में वृद्धि, बर्ड-व्यूइंग क्षेत्र का विकास, सफाई-सुरक्षा व्यवस्था, नौकायन सुविधा तथा इको-टूरिज्म से जुड़े प्रस्तावों पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि पटना पक्षी विहार की प्राकृतिक खूबसूरती और जैव-विविधता को संरक्षित रखते हुए पर्यटन को आकर्षक और व्यवस्थित बनाया जाए। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रबंधन से यह क्षेत्र भविष्य में प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो सकता है।
दौरे के अंत में आयुक्त ने जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ODOP और पर्यटन दोनों ही क्षेत्र जनपद के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ नागेन्द्र नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व लालता प्रसाद, उप जिलाधिकारी जलेसर भावना विमल क्षेत्राधिकारी जलेसर, उपायुक्त उद्योग प्रेमकांत, क्षेत्रीय वनाधिकारी मनीषा कुकरेती, तहसीलदार जलेसर संदीप सिंह, नायब तहसीलदार शाश्वत अग्रवाल आदि संबंधित अधिकारीगण व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
