ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
एटा। विकास भवन के सभागार में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत सीडीओ की अध्यक्षता में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के सभी बीडीओ और एडीओ (पंचायत) ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों की स्वयं की आय बढ़ाकर उन्हें सरकारी योजनाओं पर निर्भरता कम करने तथा आत्मनिर्भर बनाने पर केंद्रित था।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी और सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) मौजूद रहे। प्रशिक्षण के दौरान ग्राम पंचायतों के पास उपलब्ध संसाधनों के उपयोग, आय वृद्धि के नवाचारों तथा व्यावहारिक उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि पंचायतें अपनी सरकारी जमीन को लीज पर देकर, तालाबों एवं बाजारों के संचालन से नियमित राजस्व अर्जित कर सकती हैं। साथ ही आरआरसी केंद्र, पंचायत भवन और सामुदायिक भवन जैसे संसाधनों का भी आय सृजन के लिए उपयोग किया जा सकता है।
प्रशिक्षक दल ने जोर देकर कहा कि यदि ग्राम पंचायतें अपने संसाधनों का पारदर्शी और योजनाबद्ध ढंग से उपयोग करें तो न केवल उनकी आय बढ़ेगी, बल्कि विकास कार्यों में भी तेजी आएगी। ग्राम पंचायतों की आत्मनिर्भरता स्थानीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पंचायत संसाधन केंद्र से वरिष्ठ फैकल्टी नहार सिंह, सहायक फैकल्टी रबी कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
