34 वर्षों की सेवा के बाद विदाई, पंचायत राज विभाग के भीष्म पितामह हुए सेवानिवृत्त
मैनपुरी 1 फरवरी अजय किशोर। जिला पंचायत राज विभाग में तैनात बड़े बाबू राजकुमार ने 34 वर्षों के शानदार सेवाकाल के बाद स्वेच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली। विभाग द्वारा आयोजित एक गरिमामय विदाई समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी डॉ. अवधेश सिंह ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि राजकुमार बाबू को विभाग के कार्यों और कोर्ट केसों की सूक्ष्म जानकारी थी, जिससे जटिल कार्य भी सुगमता से संपन्न हो जाते थे।
समारोह में राज्यस्तरीय लेखा अधिकारी पंकज सक्सेना और सहायक विकास अधिकारी जयकुमार सक्सेना ने राजकुमार बाबू को मार्गदर्शक और विभाग का समर्पित स्तंभ बताया। वक्ताओं ने उनके धैर्य और कार्य के प्रति अटूट निष्ठा की प्रशंसा करते हुए उन्हें विभाग का भीष्म पितामह और रीढ़ करार दिया। डीपीसी नीरज शर्मा ने बताया कि उन्होंने कठिन से कठिन परिस्थितियों में कभी हिम्मत नहीं हारी और हमेशा अपनी कुर्सी के प्रति पूरी ईमानदारी बरती।
विदाई के इस भावुक क्षण में साथियों ने उपहार, शाल और माल्यार्पण कर उनका सम्मान किया। इस दौरान सुनील सक्सेना और सर्वेश दुबे ने गीतों के माध्यम से पेंशन के महत्व और अपनी भावनाओं को व्यक्त किया। विभाग के समस्त सहयोगियों ने उनके स्वस्थ जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अंत में, राजकुमार बाबू ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत राज विभाग उनके रोम-रोम में बसा है और वे विभाग के सदैव ऋणी रहेंगे। कार्यक्रम का सफल संचालन नीरज शर्मा द्वारा किया गया, जिसमें विभाग के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
