शातिर निकली अंजू, विवाह के 3 माह बीतने से पहले ही पति की करा दी हत्या
राजस्थान के श्रीगंगानगर में शादी के पवित्र बंधन में बंधने के 3 माह के भीतर ही पत्नि अंजू ने पति आशीष का एक्सीडेंट बता उसे मौत की नींद सुला दिया। जाँच में कहीं कोई एक्सीडेंट होना नहीं मिला। जिस समय हत्या हुई तब अंजू व आशीष घर से पैदल ही घूमने निकले थे।
मृतक आशीष कुमार का पोस्टमार्टम कराए जाने पर शरीर पर कई चोटों के निशान मिले। रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने के संकेत सामने आए, जिसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या मानते हुए गहन जांच शुरू की।
क्या मिला जाँच मे….
अंजू इस विवाह से खुश नहीं थी और शादी के कुछ ही दिनों बाद वह सादुलशहर स्थित अपने मायके चली गई थी। वहां उसने अपने पुराने परिचित संजय उर्फ संजू से दोबारा संपर्क किया और आशीष को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
31 जनवरी की रात उसने संजय से संपर्क कर योजना को अंतिम रूप दिया। तय योजना के तहत संजय अपने दो साथियों रोहित और बादल के साथ मौके पर पहुंचा और झाड़ियों में छिप गया।
अंजू आशीष को बातचीत में उलझाते हुए एक सुनसान रास्ते पर ले गई और इशारा मिलते ही आरोपियों ने उस पर डंडों से हमला कर दिया। आशीष के बेहोश होने के बाद आरोपियों ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी और फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, अंजू ने आरोपियों को आशीष का मोबाइल फोन और अपने पहने हुए कानों के झुमके भी सौंप दिए, ताकि मामला लूट और सड़क हादसे जैसा लगे। इसके बाद उसने ससुराल वालों को फोन कर सड़क दुर्घटना में मौत की सूचना दी। फिलहाल पुलिस चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
