राज्य मंत्री कमलावती सिंह ने महिला कल्याण योजनाओं की समीक्षा की, मनाया कन्या जन्मोत्सव
मैनपुरी 8 फरवरी अजय किशोर। उत्तर प्रदेश महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष (राज्य मंत्री स्तर) कमलावती सिंह ने जनपद मैनपुरी में महिला कल्याण विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और महिला हेल्पलाइन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
राज्य मंत्री ने कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत नवजात बालिकाओं के जन्म पर केक काटकर उनके परिजनों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बेटियों का जन्म उत्सव का विषय है और समाज में उन्हें समान अवसर देना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित माताओं से अपील की कि वे बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान दें, क्योंकि एक सशक्त बेटी ही राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए कमलावती सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार बेटियों की पैदाइश से लेकर उनकी शादी तक का पूरा खर्च वहन कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के माध्यम से उच्च शिक्षा तक सहायता दी जा रही है, वहीं गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए सरकार द्वारा 1 लाख रुपये की आर्थिक मदद प्रदान कर भव्य आयोजन किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रसव के बाद महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना का लाभ तत्काल मिलना चाहिए। साथ ही, बच्चों के समयबद्ध टीकाकरण पर जोर देते हुए उन्होंने अधिकारियों से जानलेवा बीमारियों के प्रति सतर्क रहने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई के माध्यम से आने वाली शिकायतों का त्वरित निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है ताकि महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान मिल सके।
इस अवसर पर कई प्रमुख सामाजिक और राजनैतिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे, जिनमें सीमा चौहान, गीता शाक्य, साधना तिवारी, मधुलिका राघव और प्रजा सैंगर शामिल थीं। इसके अतिरिक्त जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
