करंट लगने से 13 वर्षीय बालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के मोहरिकपुर गांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बालक की करंट लगने से मौत हो गई। परिजन गंभीर हालत में बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार आदित्य जाटव (13) पुत्र रामू जाटव निवासी मोहरिकपुर थाना मोहम्मदाबाद दोपहर करीब 1:10 बजे गांव के ही एक खेत में आलू बीन रहा था। खेत के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना उसके परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही पिता रामू जाटव, जो कोल्ड स्टोरेज में पल्लेदारी का काम करते हैं, मौके पर पहुंचे और परिजनों की मदद से आदित्य को तुरंत डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। इमरजेंसी में तैनात डॉ. दीपक तिवारी ने बच्चे को बचाने के लिए सीपीआर दिया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। डॉक्टर ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रशासन द्वारा शव को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सूचना दे दी गई है।
बताया गया है कि आदित्य दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसकी बड़ी बहन रूचि और निवेश की शादी हो चुकी है। आदित्य गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था।
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
