उत्तर प्रदेश में विकास के 9 वर्ष पूर्ण, कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित
फतेहगढ। उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व विकास एवं सतत समृद्धि के 09 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान लखनऊ में आयोजित माननीय मुख्यमंत्री के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। साथ ही विकास केंद्रित विशेष फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सराहा।
कार्यक्रम के क्रम में ऑफीसर्स क्लब फतेहगढ़ में 09 दिवसीय प्रदर्शनी एवं मेले का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर माननीय विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य एवं जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के साथ फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया।
मेले में विभिन्न विभागों द्वारा विकास योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है, जिससे आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके।
इसी अवसर पर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत 80 लाभार्थियों को चेक एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है।
