फर्रुखाबाद में नगर पालिका का बड़ा बुलडोजर एक्शन: सड़क पर मौरंग-गिट्टी डालने पर 5 हजार जुर्माना, 3 ट्रॉली ईंटें जब्त
फर्रुखाबाद। शहर को जाम और अतिक्रमण की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने शनिवार को बड़ा अभियान चलाया। फतेहगढ़ क्षेत्र में सड़क किनारे अवैध रूप से निर्माण सामग्री रखकर रास्ता बाधित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान एक दुकानदार पर ₹5 हजार का जुर्माना लगाया गया, जबकि मौके से तीन ट्रॉली ईंटें भी जब्त कर ली गईं।
नगर पालिका का यह अभियान अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। टीम ने फतेहगढ़ चौराहे से जिला जेल चौराहे तक सड़क के दोनों ओर फैले अस्थायी अतिक्रमण को हटवाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से दुकानदारों और ठेला संचालकों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने जल्दबाजी में अपना सामान हटाया।
अभियान के दौरान नगर पालिका की टीम जब मोहल्ला नवादिया स्थित ठाकुरद्वारा मंदिर के पास पहुंची, तो सड़क किनारे मौरंग और गिट्टी का बड़ा ढेर मिला। इससे सड़क संकरी हो गई थी और यातायात प्रभावित हो रहा था। इस पर ईओ विनोद कुमार ने संबंधित दुकानदार पर तत्काल ₹5 हजार का जुर्माना लगाया। साथ ही सड़क पर अवैध रूप से रखी गई तीन ट्रॉली ईंटों को जब्त कर नगर पालिका के सुपुर्द कर दिया गया।
नगर पालिका अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा सड़क या सरकारी जमीन पर निर्माण सामग्री या अन्य सामान रखकर अतिक्रमण किया गया, तो और सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
गौरतलब है कि कानपुर-फर्रुखाबाद मार्ग और फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मुख्य मार्ग पर आए दिन अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या बनी रहती है। ऐसे में नगर पालिका की इस कार्रवाई से आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
