कड़ी निगरानी और पुख्ता व्यवस्थाओं के बीच प्रवक्ता भर्ती परीक्षा सकुशल संपन्न
जिलाधिकारी के निर्देशन में छह केंद्रों पर नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई प्रवक्ता भर्ती परीक्षा
प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की सतत निगरानी में पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हुई प्रवक्ता भर्ती परीक्षा
एटा। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारम्भिक) परीक्षा-2025 जनपद एटा के छह परीक्षा केन्द्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं व्यापक प्रशासनिक तैयारियों के मध्य नकलविहीन, निष्पक्ष एवं सकुशल सम्पन्न हुई।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के निर्देशन में परीक्षा को पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सभी परीक्षा केन्द्रों पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया तथा परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी गई।
परीक्षा के सफल संचालन हेतु अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगम लाल को नोडल बनाया गया था, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इन्द्रजीत सिंह सहित अन्य नामित अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न कराया, इस हेतु 6 सेक्टर एवं 6 स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए थे।
जनपद के छह परीक्षा केन्द्रों पर कुल 2419 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 987 अभ्यर्थी उपस्थित तथा 1432 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में 40.80 प्रतिशत उपस्थिति एवं 59.20 प्रतिशत अनुपस्थिति दर्ज की गई।
परीक्षा 6 परीक्षा केंद्रों राजकीय इंटर कॉलेज,राजकीय बालिका इंटर कॉलेज,श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज,अविनाश सहाय आर्य इंटर कॉलेज,प्रेन्टिस गर्ल्स इंटर कॉलेज तथा जवाहरलाल नेहरू पी.जी. कॉलेज में कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न कराई गई।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने परीक्षा सम्पन्न कराने में सहयोग देने वाले समस्त प्रशासनिक, पुलिस एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन परीक्षा सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसे सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से सफलतापूर्वक सुनिश्चित किया गया। परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना अथवा व्यवधान की सूचना प्राप्त नहीं हुई तथा परीक्षा पूर्णतः शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।
