अवैध खनन पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
अलीगंज तहसील क्षेत्र में अवैध रूप से खनन कर रही दो जेसीबी मशीनों पर जिलाधिकारी ने लगाया 5-5 लाख रुपये का अर्थदण्ड
बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के खनन करा रहे खनन माफियाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी
एटा। जनपद में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने अवैध खनन में संलिप्त पाई गई दो जेसीबी मशीनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 05-05 लाख रुपये का अर्थदण्ड अधिरोपित किया है।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह द्वारा पारित आदेशों के अनुसार तहसील अलीगंज क्षेत्र में अवैध खनन में प्रयुक्त पाई गई जेसीबी मशीन संख्या UP 82 AT 5635 तथा तहसील अलीगंज के थाना राजा का रामपुर क्षेत्र में पकड़ी गई जेसीबी मशीन संख्या UP 87 AT 0038 को पूर्व में तहसील प्रशासन द्वारा जब्त किया गया था। संबंधित मामलों में नियमानुसार एवं अभिलेखों के परीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने दोनों वाहनों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार/प्रवर्तन संबंधी) नियमावली-2021 के प्रावधानों के अंतर्गत प्रत्येक पर ₹5,00,000 (पांच लाख रुपये) का अर्थदण्ड अधिरोपित किया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन तथा राजस्व की क्षति पहुंचाने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रशासन की कड़ी कार्यवाही आगे भी इसी प्रकार निरंतर जारी रहेगी, बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना खनन करने पर सुसंगत धाराओं में कड़ी कार्यवाही की जाएगी।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अवैध खनन की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों एवं माफियाओं में हड़कंप व्याप्त है तथा जनपद में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
