अब-तक 258 लाइसेंसधारियों ने स्वेच्छा से समर्पित किए शस्त्र लाइसेंस, जिलाधिकारी ने चार नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
एटा। जनपद एटा में सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण को और सुदृढ़ करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों को नागरिकों का सकारात्मक सहयोग मिल रहा है। असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों के विरुद्ध गुंडा एक्ट, गैंगस्टर अधिनियम तथा जिला बदर की प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ नागरिकों में कानून के प्रति विश्वास एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में स्वैच्छिक शस्त्र लाइसेंस समर्पण अभियान को जनपद में व्यापक समर्थन प्राप्त हो रहा है।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में स्वेच्छा से शस्त्र लाइसेंस समर्पित करने वाले शिवप्रकाश, सूरजपाल सिंह, राम कैलाश एवं राजपाल सिंह को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि बिना किसी दबाव के शस्त्र लाइसेंस समर्पित करने का निर्णय इन नागरिकों की सामाजिक जिम्मेदारी, कानून के प्रति सम्मान तथा प्रशासन के प्रति विश्वास को दर्शाता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में अब तक 258 शस्त्र लाइसेंसधारियों द्वारा स्वेच्छा से अपने लाइसेंस समर्पित किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त अन्य लाइसेंसधारियों द्वारा शस्त्र लाइसेंस समर्पण के लिए प्रस्तुत की गई पत्रावलियों पर भी नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि शस्त्र लिपिक कुंवर मोहित द्वारा लाइसेंसधारियों को स्वैच्छिक समर्पण की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है, जिसके फलस्वरूप अभियान को निरंतर गति मिल रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का प्रयास केवल शस्त्र लाइसेंसों का समर्पण कराना नहीं है, बल्कि जनपद में शांति, सुरक्षा, सामाजिक सौहार्द और जनविश्वास का वातावरण मजबूत करना है। जिन नागरिकों को अब शस्त्र रखने की आवश्यकता महसूस नहीं होती, वे स्वेच्छा से अपना शस्त्र लाइसेंस समर्पित कर इस सकारात्मक पहल में सहभागी बन सकते हैं।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ ही नागरिकों की सहभागिता प्रशासन की सबसे बड़ी ताकत है। समाज के जिम्मेदार नागरिकों द्वारा स्वेच्छा से आगे आकर सहयोग किए जाने से भयमुक्त एवं सुरक्षित समाज की अवधारणा को और मजबूती मिलती है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि शांति एवं सामाजिक समरसता के इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें तथा आवश्यकता न होने पर शस्त्र लाइसेंस के स्वैच्छिक समर्पण के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के परस्पर विश्वास एवं सहयोग से ही सुरक्षित, शांतिपूर्ण और भयमुक्त एटा का संकल्प साकार होगा।
इस अवसर पर शस्त्र लिपिक कुंवर मोहित सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
