“सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” अभियान के तहत किड्जी स्कूल में बच्चों को ट्रैफिक नियमों की दी गई जानकारी
एटा। “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” अभियान के अंतर्गत यातायात पुलिस एटा द्वारा किड्जी स्कूल, एटा में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छोटे बच्चों को शुरू से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान यातायात पुलिस टीम द्वारा बच्चों को मॉडल के माध्यम से ट्रैफिक सिग्नल, जेब्रा क्रॉसिंग, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का महत्व समझाया गया। बच्चों को रेड, येलो और ग्रीन लाइट का मतलब, सड़क पार करते समय दाएं-बाएं देखना, वाहन में यात्रा के दौरान सावधानियां एवं स्कूल बस में अनुशासन बनाए रखने के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस कर्मियों ने बच्चों से संवाद कर उन्हें “हमेशा ट्रैफिक रूल फॉलो करें” का संकल्प दिलाया। साथ ही बच्चों को ट्रैफिक बैज लगाकर “लिटिल ट्रैफिक मित्र भी बनाया गया, ताकि वे अपने घर-परिवार को भी यातायात नियमों के बारे में बताएं।
स्कूल प्रबंधन ने यातायात पुलिस के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से बच्चों में शुरू से ही सड़क सुरक्षा की समझ विकसित होगी।
उप निरीक्षक यातायात श्री अनिल वर्मा ने कहा कि जनपद एटा में लगातार स्कूलों में जाकर बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक बच्चा सुरक्षित रहे और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आए।
इस अवसर पर यातायात पुलिस के अधिकारी/कर्मचारीगण, स्कूल के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
