मेरा युवा भारत लखनऊ द्वारा छह दिवसीय युवा स्वयंसेवक अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
लखनऊ, 31 अक्टूबर 2026।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, लखनऊ द्वारा युवा आवास, आलमबाग, लखनऊ में छह दिवसीय माय भारत युवा स्वयंसेवक अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम (Induction Training Programme) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मेरा युवा भारत, लखनऊ के उप निदेशक श्री पुनीत गोयल द्वारा किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 31 अक्टूबर से 05 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के चार जनपदों—औरैया, मेरठ, फिरोजाबाद एवं उन्नाव के कुल 100 युवा स्वयंसेवक प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण को दो अलग-अलग बैचों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें एक बैच में मेरठ एवं फिरोजाबाद तथा दूसरे बैच में औरैया एवं उन्नाव जनपद के स्वयंसेवक शामिल हैं।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में प्रतिभागियों का परिचय, प्रशिक्षण पूर्व मूल्यांकन एवं प्रशिक्षण से संबंधित अपेक्षाओं को साझा किया गया। इसके साथ ही स्वयंसेवकों की भूमिका, अनुशासन, समयबद्धता, शिष्टाचार एवं प्रशिक्षण के दौरान पालन किए जाने वाले आवश्यक नियमों की जानकारी दी गई। समूह गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को विभिन्न समूहों में विभाजित कर जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
प्रथम दिवस के प्रशिक्षण सत्र में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा मेरा युवा भारत (MY Bharat) के उद्देश्यों, दृष्टिकोण, मिशन एवं संगठनात्मक संरचना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त माय भारत की विभिन्न गतिविधियों, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), स्काउट्स एवं गाइड्स, युवा क्लबों तथा युवाओं के विकास के लिए कार्यरत विभिन्न संस्थाओं की भूमिका पर चर्चा की गई।
इसके पश्चात राष्ट्रीय युवा कोर (NYC) योजना के अंतर्गत योजना के उद्देश्य, कार्यक्षेत्र एवं युवा स्वयंसेवकों की भूमिका और जिम्मेदारियों से प्रतिभागियों को अवगत कराया गया। स्वयंसेवकों को NYC पोर्टल की उपयोगिता एवं कार्यप्रणाली की जानकारी भी दी गई।
दिन के अंतिम प्रशिक्षण सत्र में नेतृत्व विकास के एक महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में स्वयंसेवा विषय पर चर्चा की गई। इसमें समाज में स्वयंसेवकों की आवश्यकता, सामाजिक परिवर्तन एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, एक आदर्श स्वयंसेवक के आवश्यक गुण तथा जनसमुदाय के बीच कार्य करने की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला गया।
प्रशिक्षण के अंतर्गत खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस छह दिवसीय इंडक्शन प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य युवा स्वयंसेवकों को जमीनी स्तर पर सामाजिक एवं सामुदायिक विकास की गतिविधियों से जोड़ना तथा उन्हें अपने-अपने जनपदों में युवाओं को प्रेरित करने, संगठित करने एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए सक्षम बनाना है।
आयोजक:
मेरा युवा भारत, लखनऊ
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
भारत सरकार
