भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर धूम-धाम से निकाली गई शोभायात्रा
एटा। 102वीं भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जयंती के पावन अवसर पर जनपद एटा में सविता, नन्द, सैन समाज के तत्वाधान में जिलाध्यक्ष संजीव सविता नल वाले के नेतृत्व में भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा का शुभारंभ कृष्णा नगर पीपल अड्डा स्थित सरकारी ट्यूबवेल के पास साईं मशीनरी स्टोर से किया गया।
सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड ने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शोभायात्रा में गुड्डू त्रिदेव सविता (सजावट वाले) द्वारा तैयार की गई आकर्षक, भव्य एवं दिव्य झांकियों ने आमजन का मन मोह लिया।
शोभायात्रा ठंडी सड़क से होते हुए जीटी रोड, बस स्टैंड, माया पैलेस मार्ग से गुजरती हुई जनेश्वर मिश्र हॉल पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
शर्मा बैंड के दुर्लभ कलाकारों द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रीय भक्ति गीतों एवं मधुर धुनों से पूरा शहर जननायक कर्पूरी ठाकुर के नारों से गूंज उठा। शोभायात्रा में समाज के हजारों लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और सामाजिक एकता व समरसता का परिचय दिया।
इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी भारी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्साह, उल्लास और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
