घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, ढाबे पर छापा, एफआईआर दर्ज
एटा । जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह के निर्देशों के क्रम में जनपद में घरेलू रसोई गैस के दुरुपयोग पर जिला प्रशासन द्वारा लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी के नेतृत्व में एक ढाबे पर छापामार कार्रवाई की गई, जहां घरेलू गैस सिलेंडर(14.2kg)का अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग पाया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि देर शाम एटा–कासगंज रोड स्थित रेलवे under पास के निकट क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में गोपाल फैमिली ढाबा पर छापा मारा गया। निरीक्षण के दौरान ढाबे के चूल्हे में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग करते हुए पाया गया, जो नियमों के विरुद्ध है।
मौके से गैस सिलेंडर को कब्जे में लेकर ढाबा संचालक धर्मेंद्र कुमार उर्फ़ बाबूलाल हलवाई के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत संबंधित थाना में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बरामद भरे हुए गैस सिलेंडर को मैसर्स फौजी गैस एजेंसी की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
