
हत्या की खबर के बाद रोते बिलखते परिजन
Baghpat Crime News: उत्तर प्रदेश सरकार भले ही बड़े माफियाओं पर कार्रवाई करके कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने का दंभ भर रही हो, लेकिन अपराधियों पर इसका असर होता दिखाई नहीं दे रहा है। अपराधियों में पुलिस का खौफ अभी भी दिखाई नहीं दे रहा है। बागपत में तो पुलिस का ख़ौफ़ खत्म हो चुका है। बीते 7 सितम्बर को पुलिस अभिरक्षा में दुष्कर्म पीड़िता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। 8 सितम्बर की रात को बदमाशों ने खाकी को ही अपनी गोली का निशाना बना दिया और यूपी पुलिस के सिपाही अरुण कुमार को गोली मारकर घायल कर दिया। 9 सितम्बर की रात में बदमाशों ने खादी पर हमला कर दिया। भाजपा नेता व पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री डॉ. आत्माराम तोमर की गला घोंटकर हत्या कर दी गयी और उनका शव उनके आवास पर पड़ा मिला।
11 सितम्बर की रात में भी अज्ञात बदमाशों का तांडव देखने को मिला, जहां पूर्व प्रधान के बेटे की घर में ही धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गयी। आज सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर अब पूरे मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। मामला बागपत जनपद के दोघट थाना क्षेत्र का है जहां कान्हड़ गांव के पूर्व प्रधान राजसिंह के बेटे की अज्ञात बदमाशों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि पूर्व प्रधान राज सिंह का बेटा सहदेव अपने घर पर सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने देर रात धारदार हथियार से गोदकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। मामले की जानकारी जब रविवार सुबह परिजनों को लगी तो उन्होंने सहदेव के घर जाकर देखा, जहां वह मृत अवस्था में पड़ा मिला।
परिजनों के शोर की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण भी इकठ्ठा हो गए और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। सहदेव की हत्या से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही दोघट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एएसपी बागपत मनीष मिश्र ने भी घटना स्थल का जायजा लिया और मौके पर डॉग स्कवार्ड की टीम को भी बुलाया गया। पूर्व प्रधान राजसिंह के बेटे सहदेव की हत्या किसने और क्यों की है इसकी अभी तफ्तीश की जा रही है। फिलहाल सहदेव के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पीड़ित परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वहीं इस मामले में एएसपी बागपत मनीष मिश्र का कहना है कि आज सुबह हत्या होने की सूचना प्राप्त हुई थी, सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुँची। परिजनों की तहरीर के आधार पर मृतक के पड़ोसी व उसके दोस्त रूपक के विरुद्ध मुकदमा भी पंजीकृत कर लिया गया है। जो भी आवश्यक वैधानिक कार्यवाही है उसे पूरा किया जा रहा है। जांच कर घटना का खुलासा जल्द कर दिया जाएगा।
कलप्रिट तहलका (राष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक) भारत/उप्र सरकार से मान्यता प्राप्त वर्ष 2002 से प्रकाशित। आप सभी के सहयोग से अब वेब माध्यम से आपके सामने उपस्थित है।
समाचार,विज्ञापन,लेख व हमसे जुड़ने के लिए संम्पर्क करें।
