अलीगढ :एक तरफ जहां योगी सरकार अपराधियों की गर्मी और चर्बी निकालने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ भाजपा के कुछ नेता अपनी जुबान बेकाबू होती जा रही है. बीजेपी के नेता अब गुंडों की बजाय पुलिस वालों को गर्मी उतारने की धमकियां देते हुए नजर आ रहे हैं. ताजा मामला अलीगढ़ के थाना जवां का है, जहां भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने पुलिस स्टेशन के अंदर बैठकर दारोगा को धमकी दी. दारोगा का नाम लेते हुए पुलिस वालों से कहा, 10 तारीख को योगी जी की सरकार आ रही है. बताए दे रहा हूं दारोगा की गर्मी निकाल देंगे हम. इतना ही नहीं थाने का घेराव किया.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार थाना जवां इलाके के किसी पदाधिकारी का गांव के ही एक पक्ष से प्रॉपर्टी विवाद हो गया. शिकायत पर थाना पुलिस भाजपा पदाधिकारी को पूछताछ के लिए उठा लाई. आरोप है कि उमेश नाम के किसी दारोगा से हॉट-टोक हो गई. इसी को लेकर भाजयुमो के जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह लोधी थाने पर काफी तादात में कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे और थाने का घेराव कर लिया.
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इसी दौरान जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह लोधी ने ड्यूटी पर मौजूद थानेदार व अन्य पुलिसकर्मियों को धमकाते हुए कहा,”मैं तो सिर्फ ये कह रहा हूं, जंगलगढ़ी से कितने लोगों को उठाया है. जब मैंने कहा कि मैं जिलाध्यक्ष बोल रहा हूं भाजयुमो का तो इतनी गर्मी है दारोगा में. 10 तारीख को योगी सरकार नहीं आ रही है क्या? बताये दे रहा हूं 10 तारीख को योगी जी की सरकार आ रही है, ये बात दिमाग में बैठा लें. जितनी गर्मी है दारोगा की, सब निकाल देंगे हम”. इसके बाद थाने पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने इस व्यवहार पर विरोध जताया. इस पर पुलिस और भाजयुमो के पदाधिकारियों के बीच भारी गहमा-गहमी हो गई. जिसका वीडियो सामने आया है, बताया जा रहा है वीडियो मंगलवार का है.
विपक्ष ने भाजपा पर साधा निशाना
वहीं, इस मामले पर विपक्षी दल बीजेपी पर वार करते नजर आए. कांग्रेस पार्टी के निवर्तमान जिला को-ऑर्डिनेटर राजीव लीडर ने कहा, ये सभी सत्ता के नशे में चूर हैं. जब प्रदेश के मुख्यमंत्री गर्मी और चर्बी निकालने की बात बोल रहे हैं, तो इसका प्रभाव कार्यकर्ताओं पर पड़ना लाजमी है. वहीं, इस मामले पर जब क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन श्वेताभ पांडेय से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से प्रकरण सामने आया है. अगर इस तरह का कोई प्रकरण था तो इसकी जांच कराएंगे. हालांकि अभी वीडियो देखा नहीं है. वीडियो देखने के बाद ही कुछ कह सकते हैं क्या मैटर था.
Disclaimer: This article has not been edited by Culprit Tahalaka. This news is published by news agency or other source.
कलप्रिट तहलका (राष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक) भारत/उप्र सरकार से मान्यता प्राप्त वर्ष 2002 से प्रकाशित। आप सभी के सहयोग से अब वेब माध्यम से आपके सामने उपस्थित है।
समाचार,विज्ञापन,लेख व हमसे जुड़ने के लिए संम्पर्क करें।