
नीरज चोपड़ा के नाम पर स्टेडियम का उद्घाटन किया
नयी दिल्ली : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि सरकार देश में खेलों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की दिशा में अनेक कदम उठा रही है और उनका सपना है कि भारत खेल प्रधान देश बने और ओलंपिक का आयोजन करे। रक्षा मंत्री ने टोक्यो ओलंपिक में भाला फेंक स्पर्धा में देश को स्वर्ण पदक दिलाने वाले सेना के सुबेदार नीरज चोपड़ा के नाम पर स्टेडियम का उद्धाटन करने के बाद कहा कि सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में खेलों में गुणवत्ता बढ़ाने का प्रयास किया है। मैं समझता हूं ये केवल सरकारी स्कीम नहीं, बल्कि एक आंदोलन है, जिसे हमें और आगे लेकर जाना है। हमें अभी इन प्रयासों से सफलता के और नए आयाम हासिल करने हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का परिणाम पिछले कुछ वर्षों से दिखना शुरू हो चुका है। वर्ष 2014 तथा 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों में देश ने क्रमश: 64 और 66 पदकों के साथ 5 वां और तीसरा स्थान हासिल किया। सूबेदार नीरज चोपड़ा की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, किसी भी एथलीट के जीवन में सबसे महत्वपूर्ण क्षण वो होता है जब वह तिरंगा पकड़ता है। मैं समझता हूं कि जब सूबेदार नीरज चोपड़ा को स्वर्ण पदक देते हुए जब टोक्यो में राष्ट्र गान बजा, तब एक-एक भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा और आंखें ख़ुशी से नम हो गई थी। उन्होंने कहा कि सरकार खेलों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए अनेक कदम उठा रही है।
कलप्रिट तहलका (राष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक) भारत/उप्र सरकार से मान्यता प्राप्त वर्ष 2002 से प्रकाशित। आप सभी के सहयोग से अब वेब माध्यम से आपके सामने उपस्थित है।
समाचार,विज्ञापन,लेख व हमसे जुड़ने के लिए संम्पर्क करें।
