UP बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के महुआपार गांव में दो बजे एक शादी समारोह में डांस करने को लेकर वर-वधू पक्ष में विवाद हो गया। इसी बीच किसी ने वर पक्ष पर ईंट फेंक दी जो दूल्हे के मौसेरे भाई सुधीर के सिर पर जा लगा।
घटना से नाराज दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया। इससे बराती वापस लौट गए। बराती वापस लौटते देख वधू पक्ष के लोगों ने दूल्हे और उसके परिवार को अनुनय विनय कर रोक लिया। बाद में स्थानीय पुलिस के समझाने-बुझाने पर वर पक्ष शादी के लिए राजी हुए।
यह है पूरा मामला
नगर थाने लखनहट गांव से लालगंज थाने के हलुवापार गांव में नंद कुमार के घर बरात आई थी। रात में जयमाल के दौरान डीजे पर डांस करने को लेकर वर- वधू पक्ष में कहासुनी को गई। इसी बीच किसी ने वर पक्ष के ऊपर ईंट फेंक दिया। सिर पर ईंट लगने से दूल्हे पृथ्वीराज के मौसेरे भाई सुधीर घायल हो गए। सुधीर के सिर से खून निकलते देख दोनों पक्षों में बवाल होने लगा। इसी बीच दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया, जिससे लोगों में अफरातफरी मच गई।
बराती हलुवापार गांव से निकल लिए, लेकिन दूल्हे और उसके परिवारवालों को वधू-पक्ष ने रोक लिया। गुरुवार की सुबह लगभग 4.30 बजे किसी ने डायल 112 और लालगंज थाने को सूचना दे दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष महेश सिंह ने घायल सुधीर को जिला अस्पताल भिजवाया और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शादी संपन्न करवाई। थानाध्यक्ष ने कहा कि दोनों पक्षों में अब कोई विवाद नहीं है।
