रामपुर गांव के नहीं बदले हालात, जलभराव के कारण पोल में उतरे करंट से भैंस और बकरे की मौत
कई ग्रामीण भी चपेट में आने से बाल बाल बचे
प्रधान और विद्युत विभाग पर लापरवाही के आरओ, ग्रामीण आंदोलन को उग्र
मोहनपुरा (कासगंज)
कोतवाली कासगंज के अंतर्गत कस्बा मोहनपुरा के समीप गांव रामपुर के हालात नहीं बदले। पिछले कई वर्षों से जलभराव से जूझ रहे ग्रामवासियों को पशु हानि के रूप में खामियाजा भुगतना पड़ा है। मंगलवार की शाम जलभराव के कारण विद्युत पोल में करंट के उतरने से ग्रामीण पप्पू की भैंस और महेंद्र सिंह का बकरा चपेट में आकर मौत के मुंह में समा गए। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग एवं ग्राम प्रधान पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। आरोप है कि ग्राम प्रधान की लापरवाही से जलभराव हुआ है। वहीं विद्युत विभाग के जेई से संपर्क करने का प्रयास किया गया किंतु नंबर लगातार बंद मिलने से संपर्क नहीं हो सका। ग्रामीण उचित कार्यवाही की मांग को लेकर अड़े हुए थे। ग्रामीणों ने मांगे नहीं माने जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। महेंद्र सिंह, पोकी, मोहर सिंह, संजय, चंद्रशेखर, इतवारी, लाखन सिंह, चंद्रपाल, ओमकार, पप्पू, चूरामन, कल्लू, रामवीर सिंह, मोहन सिंह, शंकर सिंह, विजेंद्र सिंह, राजपाल सिंह, मोहन सिंह, टीकम, मटरू, गोवर्धन आदि ग्रामीणों ने खासा आक्रोश जताया है।
——————————–
अनियमित एवं अघोषित विद्युत कटौती को लेकर की शिकायत
कस्बा मोहनपुरा क्षेत्र में हो रही अनियमित एवं अघोषित विद्युत कटौती के कारण पूरी जनता त्रस्त हो रही है। दिन हो अथवा रात्रि कभी भी कटौती कर दी जाती है। उपभोक्ता सचिन सिसौदिया ने परेशान होकर दक्षिणांचल विद्युत वितरण, ऊर्जा मंत्री एवं मुख्यमंत्री को सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर शिकायत भेजी है। क्षेत्रीय वाशिंदों का कहना है कि चौबीस घंटे में से ट्रिपिंग के साथ बमुश्किल मात्र 6 से 7 घंटे विद्युत सप्लाई दी जा रही है। भीषण गर्मी के कारण लोग व्याकुल होकर जनरेटर एवं अन्य उपकरणों का सहारा ले रहे हैं। दिनेश कुमार, दुष्यंत कुमार, रवि कुशवाह, मनीष आदि ने विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से उपलब्ध कराने हेतु मांग की है।
