आम के पेड़ पर लटका मिला युवक-युवती का शव, पुलिस जांच में जुटी
एटा। उत्तर प्रदेश के जिला एटा के अंतर्गत थाना मलावन क्षेत्र स्थित गांव पुरा में उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के बाहर एक आम के पेड़ पर युवक और युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटके मिले।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सकीट कृतिका सिंह एवं थाना प्रभारी आरके सिंह भारी पुलिसबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुट गए।
पुलिस घटना की हर एंगल से जांच-पड़ताल कर रही है, फील्ड यूनिट व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की बारीकी से जांच की।
पुलिस ने युवक और युवती के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक जांच में मामला प्रेम- प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
