डिंपल यादव का आह्वान: 2027 में भाजपा का सफाया करने के लिए कमर कसें कार्यकर्ता
मैनपुरी (अजय किशोर)। शनिवार दोपहर ब्लॉक जागीर क्षेत्र के कुसमरा मैनपुरी मार्ग स्थित चौहानपुर गांव के समीप ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश डायरेक्टर के आवास पर समाजवादी पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचीं सांसद डिंपल यादव का कार्यकर्ताओं ने पगड़ी और प्रतीक चिन्ह भेंट कर जोरदार स्वागत किया। इस दौरान डिंपल यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होने की अपील की और कहा कि 2027 में भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए अभी से जमीनी स्तर पर तैयारी शुरू कर दें।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सांसद ने घूसखोर पंडित फिल्म का जिक्र कर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से भाजपा सत्ता में आई है, वह संगठित तरीके से समाज में भेदभाव और विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी वोट बैंक की राजनीति के लिए ऐसी चीजों को बढ़ावा देती है, जिसे जनता को समझने की जरूरत है। सांसद ने सवाल उठाया कि आखिर भाजपा के शासनकाल में ही इस तरह की फिल्में क्यों आती हैं।
बैठक के बाद सांसद डिंपल यादव सपा जिला उपाध्यक्ष महेंद्र यादव के आवास पर भी पहुँचे, जहाँ कार्यकर्ताओं ने उन्हें शॉल और बुके भेंट किए। इस अवसर पर अवधेश यादव, संजय यादव, प्रवीन यादव, ऋषि यादव और डॉ. टीटू यादव सहित भारी संख्या में सपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों के लिए संगठन को मजबूती प्रदान करना और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरना रहा।
