जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंप का किया औचक निरीक्षण
फर्रुखाबाद। जनपद में आवश्यक पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए आशुतोष कुमार द्विवेदी (जिलाधिकारी) एवं आरती सिंह (पुलिस अधीक्षक) ने गुरुवार को बलराम गैस सर्विस, जितेंद्र गैस सर्विस तथा राधाकृष्ण फिलिंग स्टेशन का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने एजेंसी संचालकों से गैस सिलेंडर की बुकिंग से लेकर उपभोक्ताओं तक डिलीवरी में लगने वाले समय के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने पाए।
इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने राधाकृष्ण फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल और डीजल के उपलब्ध स्टॉक की जांच की। निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंप संचालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि बिना हेलमेट दुपहिया वाहनों को पेट्रोल न दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका चालान किया गया तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता है और आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
