दैवीय आपदा पीड़ितों को प्राथमिकता पर मिले आर्थिक सहायता: पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री
मैनपुरी। (अजय किशोर)
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जन-सुनवाई के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि दैवीय आपदा से पीड़ित व्यक्तियों को त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि हाल ही में तेज बारिश के कारण कई कच्चे मकानों की दीवारें और छतें गिर गई हैं, जिससे प्रभावित परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम बरहट रकरी निवासी सीमा, अखलेश कुमार, मानिकपुर निवासी रेखा, विक्रमपुर निवासी दीपेंद्र कुमार द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्रों के आधार पर मंत्री ने उप जिलाधिकारी भोगांव को निर्देशित किया कि राजस्व टीम मौके पर जाकर तत्काल सर्वे करे और पीड़ितों को मुआवजा प्राथमिकता पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आर्थिक सहायता देने में किसी भी स्तर पर विलंब न हो तथा पात्रों की सहायता में कोई कोताही न बरती जाए।
मंत्री ने कहा कि योजनाओं के अंतर्गत बने आवासों की पात्रता का पुनः सत्यापन कराया जाए और जिन लाभार्थियों ने आवंटित आवासों को किराये पर दिया है, उन्हें अपात्र घोषित कर उनका आवंटन निरस्त किया जाए। साथ ही पात्र व्यक्तियों को आवंटन समिति के माध्यम से आवास उपलब्ध कराये जाएं ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।
उन्होंने चकरोड की पैमाइश के बाद मनरेगा से मिट्टी कार्य कराने, सार्वजनिक मार्गों से अवैध अतिक्रमण हटाने और पक्की पैमाइश के बावजूद दोबारा कब्जा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि कमजोर वर्ग के लोगों की भूमि पर किसी प्रकार का अनाधिकृत कब्जा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
वर्षा के मौसम में जलभराव की समस्याओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने नगर निकाय और खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए। नाले और नालियों की जमीन चिन्हित कर संरक्षित की जाए और उस पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए।
जन-सुनवाई के दौरान कई ग्रामीणों ने व्यक्तिगत व सार्वजनिक समस्याओं से अवगत कराया। ग्राम नेकपुर की सावित्री देवी, ग्राम लोधीपुर की बबली देवी ने आवास योजना का लाभ दिलाने, लौंगपुर निवासी राजेंद्र सिंह ने भूमि को संक्रमणीय कराने, घिरोर निवासी स्नेहा ने विद्युत कनेक्शन दिलाने की मांग की। टिकरई निवासी धर्मवीर सिंह ने लेखपाल पर फर्जी दखलनामा देने का आरोप लगाया, वहीं अन्य लोगों ने भी भूमि विवाद, विद्युत बिल, सरकारी नलकूप और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जे जैसे मुद्दे उठाए।
मंत्री ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शिवदत्त भदौरिया, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान सहित प्रशासन व विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
