मॉनिटरिंग सेल की प्रभावी पैरवी से दो आरोपियों को सजा, चोरी के दो मामलों में हुई सजा
एटा — जनपद एटा में जनपदीय मॉनिटरिंग सेल की प्रभावी पैरवी के चलते चोरी के दो मामलों में लिप्त दो आरोपियों को कोर्ट ने सजा सुनाई है। यह कार्रवाई थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में वर्ष 2023 में घटित चोरी की घटनाओं के संबंध में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 अक्टूबर 2023 तथा 28 नवम्बर 2023 को घटित घटनाओं के संबंध में थाना को0 देहात पर मुअसं 770/2023 धारा 379, 411 भादवि तथा मुअसं 819/2023 धारा 380, 454, 411 भादवि के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे। इन मामलों में इरशाद पुत्र वहीद निवासी तितरौली थाना सिंधयाबल, जनपद बागपत तथा नौशाद पुत्र शकील निवासी फतेहपुर खेड़ी थाना फूगना, जनपद मुजफ्फरनगर को आरोपी बनाया गया था।
आज दिनांक 30 अगस्त 2025 को मा0 मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) कोर्ट एटा द्वारा दोनों अभियुक्तों को उपरोक्त मामलों में दोषी पाते हुए प्रत्येक मामले में 1 वर्ष 9 माह के कारावास एवं प्रत्येक पर 1000-1000 रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई गई।
जनपदीय मॉनिटरिंग सेल की सशक्त और प्रभावशाली पैरवी के फलस्वरूप न्यायालय से यह सजा दिलाई गई, जिससे अपराधियों में कानून का भय स्थापित हुआ है। पुलिस प्रशासन द्वारा इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था की दिशा में एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
