फिरोजाबाद: झोला-छाप डॉक्टर के इंजेक्शन से युवक की मौत, शांति नर्सिंग होम सीज
फिरोजाबाद के थाना फरिहा क्षेत्र में एक झोला-छाप डॉक्टर द्वारा लगाए गए इंजेक्शन से युवक की मौत होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार धर्मेन्द्र नाम का युवक दांत में दर्द की दवा लेने के लिए शांति नर्सिंग होम पहुंचा था। आरोप है कि वहां मौजूद डॉक्टर ने उसे इंजेक्शन लगा दिया, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम बदन राम ने मामले का संज्ञान लिया और एसीएमओ डॉ. के.के. वर्मा तथा स्टेनो विशाल तिवारी को मौके पर भेजा। जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शांति नर्सिंग होम को सीज कर दिया।
वहीं मृतक के परिजनों ने थाना फरिहा में आरोपी डॉक्टर के खिलाफ लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
