गोविंद बल्लभ पंत स्टेडियम में हुआ सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ
प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल और पारंपरिक खेल गुल्ली-डंडा सहित अन्य खेल किए जाएंगे शामिल
सब एडिटर: अमित माथुर
एटा। युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करने और “फिट इंडिया” का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से जनपद एटा में सांसद खेल महोत्सव-2025 का आयोजन किया जाएगा। गोविंद बल्लभ पंत स्टेडियम में होने वाले सांसद खेल महोत्सव का नेतृत्व राज्यसभा सांसद नवीन कर रहे हैं।
आयोजन की तैयारियों को लेकर सांसद नवीन जैन ने एटा स्टेडियम में प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि महोत्सव का पंजीकरण 29 अगस्त, राष्ट्रीय खेल दिवस से शुरू होकर 20 सितम्बर तक चलेगा। वहीं, 21 सितम्बर से खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ होगा, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जाएगा। प्रतियोगिताओं का भव्य समापन 25 दिसम्बर को भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर किया जाएगा। खेल महोत्सव तीन चरणों – ग्राम स्तर, ब्लॉक/वार्ड स्तर और लोकसभा स्तर – पर आयोजित होगा। इसमें महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के साथ-साथ दिव्यांगजन भी अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। प्रतियोगिताओं में कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल और पारंपरिक खेल गुल्ली-डंडा सहित अन्य खेल शामिल किए गए हैं। सांसद नवीन जैन ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसका युवा वर्ग है। यदि युवा फिट और अनुशासित रहेगा तो ही भारत आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बन सकेगा। खेल केवल जीत-हार का साधन नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाते हैं। खेल से टीम भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और परिश्रम जैसी आदतें विकसित होती हैं। उन्होंने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य गाँव-गाँव और गली-गली की छिपी प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि हर नागरिक स्वास्थ्य और आनंद के लिए खेल को अपनाए और हम सब मिलकर इस संकल्प को सफल बनाएँगे। सांसद ने जानकारी दी कि खिलाड़ी अपना पंजीकरण https://sansadkhelmahotsav.in वेबसाइट पर कर सकते हैं। इसके अलावा पार्टी के कार्यकर्ताओं से संपर्क कर भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है।
