राजपुर में पत्रकारों का होली मिलन समारोह धूमधाम से संपन्न
फर्रुखाबाद के थाना अमृतपुर क्षेत्र के कस्बा राजपुर में वरिष्ठ पत्रकार अनुज कुमार सिंह के नेतृत्व में पत्रकारों का होली मिलन समारोह हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई पत्रकारों ने भाग लिया और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में भाईचारा और आपसी प्रेम का माहौल देखने को मिला। पत्रकार साथियों ने एक-दूसरे के साथ मिलकर होली के पारंपरिक गीतों और शुभकामनाओं के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। आयोजक अनुज कुमार सिंह ने सभी अतिथियों और पत्रकार साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आपसी एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. पल्लव सोमवंशी मौजूद रहे। उन्होंने समारोह में आए पत्रकारों का सम्मान करते हुए उन्हें भगवान का चित्र भेंट कर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि समाज को जागरूक करने और जन समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
समारोह के दौरान आयोजित बैठक में पत्रकारों ने क्षेत्रीय समस्याओं पर भी चर्चा की। विशेष रूप से अमृतपुर और राजेपुर थाना क्षेत्र में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर चिंता व्यक्त की गई। पत्रकारों ने बताया कि मुख्य मार्गों पर फुटपाथ संकरे होने, अतिक्रमण और साफ-सफाई की कमी के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
इस संबंध में पत्रकारों ने ब्लॉक प्रमुख डॉ. पल्लव सोमवंशी से फुटपाथ चौड़ीकरण, अतिक्रमण हटाने और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था कराने की मांग की। इस पर ब्लॉक प्रमुख ने आश्वासन दिया कि वह संबंधित विभागों से बातचीत कर जल्द ही उचित कार्रवाई कराएंगे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक अनुज कुमार सिंह द्वारा सभी अतिथियों और पत्रकार साथियों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने एक साथ बैठकर भोजन किया और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार पवन अग्निहोत्री, विमल पाठक, प्रताप यादव, बृजकांत दीक्षित, डॉ. पी.डी. शुक्ला, सरबजीत यादव, निशांत अवस्थी, राम मुरारी शुक्ला, रामू राजपूत, प्रशांत अवस्थी, गोपाल सक्सेना, सुरजीत शुक्ला, प्रबल अवस्थी, मनोज सक्सेना, शिवम मिश्रा, वीरेश यादव, शोभित पाठक और शोविंदर यादव सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।
