ऑनर किलिंग: प्रेम विवाह की जिद के चलते पिता-भाई ने करंट लगाकर की बेटी की हत्या
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के बाबापुरवा ठोरहंस गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम विवाह की इच्छा ने एक युवती की जान ले ली। 21 वर्षीय रोशनी अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवार इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था।
अब रोशनी के पिता चंद्र प्रकाश पांडेय और भाई राहुल पांडेय ने उसे करंट लगाकर मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाद में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, रोशनी का मनकापुर क्षेत्र के बक्सरा आज्ञाराम कुंजलपुर निवासी परमेश्वर पाठक से पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों मोबाइल फोन पर लगातार संपर्क में रहते थे और शादी करने की योजना बना रहे थे। लेकिन जैसे ही यह बात परिजनों को पता चली, घर में विवाद बढ़ता चला गया।
बताया जा रहा है कि परिवार की नाराजगी और सामाजिक दबाव के चलते पिता और भाई ने मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने रोशनी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
