आईएएस नागेन्द्र प्रताप ने संभाला आगरा मण्डल के नए आयुक्त का कार्यभार
मैनपुरी 1 फरवरी अजय किशोर। वर्ष 2010 बैच के अनुभवी आईएएस अधिकारी नागेन्द्र प्रताप ने रविवार को आगरा मण्डल के नए आयुक्त (कमिश्नर) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने से पहले उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर निवर्तमान मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी और प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
मूल रूप से इटावा के निवासी नागेन्द्र प्रताप इससे पूर्व यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर तैनात थे। वे उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जिनमें बांदा के जिलाधिकारी और यूपी ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी जैसे अहम दायित्व शामिल हैं।
दिलचस्प बात यह है कि वे वर्ष 2016 में आगरा में मुख्य विकास अधिकारी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं, जिससे वे क्षेत्र की भौगोलिक और प्रशासनिक स्थिति से अच्छी तरह परिचित हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद नवागत आयुक्त ने मण्डल के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ परिचय बैठक की और विकास योजनाओं को गति देने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर आयुक्त प्रशासन राजेश कुमार, अपर आयुक्त न्यायिक मंजूलता और अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
