बधिर चालकों हेतु कान के प्रतीक चिन्ह योजना” का शुभारंभ, SSP व ASP ने रैली को झंडी दिखाकर किया रवाना
एटा। प्रदेश-व्यापी सड़क सुरक्षा एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत *“बधिर चालकों के लिए कान का प्रतीक चिन्ह”* लगाने हेतु विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को एटा पुलिस द्वारा किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह तथा अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने बधिर चालकों की मोटरसाइकिल एवं हेलमेट पर कान का चिह्न लगाकर जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन एवं यातायात निदेशालय, लखनऊ के निर्देशानुसार नवंबर माह को सड़क सुरक्षा एवं जन-जागरूकता माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में बधिर व्यक्तियों की पहचान स्पष्ट हो सके, इसके लिए वाहन व हेलमेट पर कान का प्रतीक चिन्ह लगाने का अभियान चलाया जा रहा है। इस व्यवस्था से सड़क पर अन्य वाहन चालकों को सतर्कता बरतने में आसानी होगी और दुर्घटनाओं की रोकथाम में मदद मिलेगी।
समारोह में बधिर व्यक्तियों को पुलिस विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए। अधिकारियों ने उन्हें आवश्यक सहयोग व सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन देते हुए सुरक्षा रैली को रवाना किया। यातायात पुलिस की टीमें शहर के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगी, ताकि अधिक से अधिक बधिर व्यक्तियों को चिन्ह उपलब्ध कराए जा सकें।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात राजेश सिंह, क्षेत्राधिकारी संकल्प दीप कुशवाहा, यातायात प्रभारी अनिल कुमार सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
SSP एटा ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें तथा बधिर एसोसिएशन से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे इस मानवीय एवं सुरक्षा से जुड़े अभियान में सहयोग करें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा का संकल्प लें।
