कासगंज जिले में है जर्जर स्कूली बस का पंजीयन, करीब 13 माह पूर्व जर्जर बस का कासगंज एआरटीओ कार्यालय से हुआ था फिटनेस सर्टिफिकेट जारी,
बड़ा सवाल: क्या एआरटीओ कार्यालय के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई मासूम अनन्या?
सब-एडिटर: अमित माथुर
अलीगढ़ / कासगंज (उत्तर प्रदेश): शनिवार को एक बेहद दुखद सड़क दुर्घटना में माउंट इंटरनेशनल स्कूल की एक सात साल की मासूम बच्ची भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई, स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब वह बस से घर के लिए जा रही थी तभी उस बस का फर्श टूट गया और बच्ची नीचे निकल गई और बस के पहिये की चपेट में आ गई।
📰 क्या हुआ?
सात वर्षीय छात्रा बस के पिछले पहिये के ठीक ऊपर वाली सीट पर बैठी थी। बस चालक को कुछ बच्चे जिले के बॉर्डर पर कासगंज जिले के ढोलना क्षेत्र में भी छोड़ने होते हैं। इसलिए पहले वह ढोलना क्षेत्र के बच्चों को छोड़ने गया। वहां से लौटते समय ढोलना के गांव बिरहरा के पास बस के टूटे फर्श से सीट पर बैठी मासूम अचानक नीचे गिर गई और सीधे पहिये के नीचे आ गई। बताया जा रहा है कुछ ही समय बाद मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
🚨 परिजनों और ग्रामीणों का रुख
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग गुस्से में आ गए और आक्रोश जताते हुए बस को तीन घंटे तक जाम कर लिया।
कुछ लोगों ने स्कूल प्रबंधन की लापरवाही और बस की खराब स्थिति के लिए भारी नाराज़गी जताई।
पुलिस ने बस के चालक को हिरासत में लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना बच्चों की सुरक्षा और स्कूल बसों के रख-रखाव पर गंभीर सवाल उठाती है।
बड़ा सवाल, मासूम की मौत का जिम्मेदार कौन ?
घटना के बाद भ्रष्टाचार और वसूली, दलाली का मुख्य बिंदु बन चुके कासगंज जिले के एआरटीओ कार्यालय की कार्यशैली पर भी बड़ा प्रति चिन्ह लग रहा है, दरअसल जिस बस में मासूम की मौत हुई उस बस का पंजीयन कासगंज जिले में है और करीब 13 माह पहले ही इसी कार्यालय से इस स्कूली बस का फिटनेस सर्टिफिकेट जारी हुआ था तो आखिर इतने दिनों में यह बस इतनी जर्जर कैसे हो गई या फिर भ्रष्टाचार दलाली का अड्डा बन चुके कासगंज एआरटीओ कार्यालय में वसूली के बाद जर्जर बस का फिटनेस सर्टिफिकेट जारी कर दिया गया था ये बड़ा सवाल है। घटना के बाद परिजनों द्वारा स्कूल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है, जबकि करीब 13 माह पहले खस्ताहाल बस का फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने वाले और तमाम चेकिंग अभियानों में अनफिट बस को ना पकड़ने वाले सम्बंधित कर्मचारी आसानी से बचते दिखे रहें हैं।
