मैनपुरी सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस का विशेष अभियान, 280 वाहनों के चालान और रिफ्लेक्टर लगाए
मैनपुरी । अजय किशोर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के निर्देशन में बुधवार को जनपद में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर/यातायात अरुण कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी यातायात दीपशिखा सिंह के नेतृत्व में यातायात व थाना पुलिस ने मुस्तैदी से वाहनों की जांच की। इस दौरान कड़ाके की ठंड और कोहरे को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के दृष्टिगत कई वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप भी लगाए, ताकि धुंध में भी गाड़ियां स्पष्ट दिखाई दें और हादसों को टाला जा सके।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 280 वाहनों के चालान काटे, जिनमें बिना हेलमेट और तीन सवारी वाले 85 वाहन शामिल रहे। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 195 चालान किए गए। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने 30,000 रुपये नकद शमन शुल्क वसूला, जबकि कुल 3,20,000 रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया गया। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे सुरक्षा मानकों का पालन करें और कोहरे के दौरान सावधानी से वाहन चलाएं
