
सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर लड़कियों के नाम की प्रोफाइल बनाकर लड़कों से दोस्ती करके उन्हें ठगने वाले एक गिरोह का गाजियाबाद पुलिस ने पर्दाफाश किया है। नाइजीरिया मूल के एक व्यक्ति सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस गैंग के 13 बैंक खाते फ्रीज करा दिए हैं, जिसमें छह महीने के भीतर 90 लाख रुपए का ट्रांजेक्शन हुआ था। हालांकि फ्रीज करते वक्त इन खातों में सिर्फ 99 हजार रुपए ही पाए गए। इस गैंग ने ढाई साल में करीब एक हजार लोगों को ठगा है
32 एटीएम कार्ड बरामद
साइबर क्राइम सेल प्रभारी सुमित कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी नाइजीरिया निवासी AKA DIDER, अरविंद वर्मा मूल निवासी गोरखपुर और प्रिंस पांडेय निवासी बलिया हैं। नाइजीरियन व्यक्ति साउथ दिल्ली में और बाकी दो आरोपी नोएडा के सृष्टि अपार्टमेंट सावेरी में रह रहे थे। आरोपियों से 32 एटीएम कार्ड, 5 मोबाइल, 4 एग्रीमेंट, एक वीजा व पासपोर्ट, 6 चेकबुक बरामद की हैं।
छह माह के वीजा पर आया और भारत में बस गया
पूछताछ में पता चला कि 38 वर्षीय नाइजीरियन व्यक्ति अप्रैल-2019 में छह महीने के वीजा पर भारत आया था। वीजा खत्म होने के बाद भी दिल्ली में छिपकर रहता रहा। इस दौरान वह उत्तराखंड पुलिस द्वारा चोरी के एक मामले में जेल भेजा गया, लेकिन जमानत पर छूट आया। पुलिस के अनुसार, यह व्यक्ति लड़का है, उसके बावजूद लड़की की आवाज बखूबी निकाल लेता है। इसने फेसबुक समेत अन्य सोशल नेटवर्किंग साइट पर लड़कियों के नाम से आईडी बना रखी है।
इस तरह लड़कों से पैसा ऐंठता था
इन आईडी से रिक्वेस्ट भेजकर वह लड़कों से दोस्ती करता है। उन्हें खुद को विदेशी लड़की, विदेशी डॉक्टर, इंजीनियर या बिजनेसमैन बताता है। इसके बाद महंगे गिफ्ट भेजने के नाम पर, बिजनेस में पैसा निवेश कराने के नाम पर लोगों को ठगता है। फर्जी आईडी पर बैंक खाते खुलवाने की जिम्मेदारी अरविंद और प्रिंस की थी। एक अकाउंट खुलवाने पर उन्हें तीन हजार रुपए मिलते थे। इन्हीं फर्जी खातों में नाइजीरियन व्यक्ति ठगी का पैसा पीड़ितों से डलवाता था।
Disclaimer: This article has not been edited by Culprit Tahalaka. This news is published by news agency or other source.
कलप्रिट तहलका (राष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक) भारत/उप्र सरकार से मान्यता प्राप्त वर्ष 2002 से प्रकाशित। आप सभी के सहयोग से अब वेब माध्यम से आपके सामने उपस्थित है।
समाचार,विज्ञापन,लेख व हमसे जुड़ने के लिए संम्पर्क करें।
