जिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना की बैठक संपन्न
फर्रुखाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना तथा स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत उद्योगों एवं निजी प्रतिष्ठानों को नए रोजगार सृजन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को कार्य के अवसर प्राप्त हो सकें।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जनपद में योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए। पात्र लाभार्थियों को कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ा जाए।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत ऐसे प्रतिष्ठानों को प्रोत्साहन दिया जाएगा जो नए कर्मचारियों की नियुक्ति करेंगे। प्रथम बार रोजगार प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को एक माह का वेतन (अधिकतम 15,000 रुपये तक) प्रदान किया जाएगा। वहीं नियोक्ताओं को अतिरिक्त रोजगार सृजन के लिए प्रोत्साहन दिया जाएगा। विनिर्माण क्षेत्र के लिए दो वर्षों तक विस्तारित लाभ भी दिया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि योजना की जानकारी प्रत्येक ग्राम पंचायत, नगरीय निकाय एवं औद्योगिक इकाइयों तक पहुंचाई जाए तथा पात्र युवाओं को योजना से जोड़ने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जनपद के युवाओं से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला उद्यान अधिकारी, जिला सेवायोजन अधिकारी एवं सहायक श्रमायुक्त फर्रुखाबाद सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
