एंबुलेंस सेवाओं की गुणवत्ता परखने मैनपुरी पहुंचे क्वालिटी हेड, परखीं जीवनरक्षक व्यवस्थाएं
मैनपुरी 13 अप्रैल अजय किशोर। जनपद में संचालित 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवाओं की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सोमवार को लखनऊ मुख्यालय से क्वालिटी हेड विपिन शुक्ला ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिले की एंबुलेंस इकाइयों में स्वच्छता मानकों और चिकित्सीय संसाधनों की गहनता से जांच की।
जांच में सभी एंबुलेंस वाहनों में साफ-सफाई की स्थिति बेहतर पाई गई। साथ ही, आपातकालीन स्थिति के लिए आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयों और ऑक्सीजन की उपलब्धता भी मानकों के अनुरूप पूर्ण मिली। क्वालिटी हेड ने उपस्थित स्टाफ को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों के प्रति व्यवहार संवेदनशील रखें और अस्पताल ले जाते समय प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) देने में कोई कोताही न बरतें, ताकि समय रहते जान बचाई जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार ही विभाग की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर जिला प्रभारी विवेक श्रीवास्तव सहित ईएमटी अक्षय, सचिन, कन्हैयालाल और पायलट राघवेंद्र, नरेंद्र व सुनील जैसे कई कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में जिला प्रबंधक अभिषेक ने जानकारी दी कि जिले में वर्तमान में 102 और 108 सेवा की कुल 51 गाड़ियां आम जनता के लिए पूरी तरह निशुल्क संचालित हैं।
