घने कोहरे में रोडवेज बस और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत, बस चालक घायल
फर्रुखाबाद। जनपद के थाना अमृतपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह घने कोहरे के चलते एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गांव मढैया तौफीक के सामने रोडवेज बस और मछलियों से भरी पिकअप की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में रोडवेज बस का चालक घायल हो गया, जबकि पिकअप सवार युवक को हल्की चोट आई। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार विशाल पुत्र सुबोध निवासी ग्राम आशालग नगर बघा मिलक का ढेर कठेर, जिला मुरादाबाद अपने साथी आकाश पुत्र हरिराम निवासी मोहम्मदपुर माफी, जिला मुरादाबाद के साथ पिकअप संख्या **UP 21 ET 9969** से मुरादाबाद से मछलियां लेकर कन्नौज जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी थाना अमृतपुर क्षेत्र के गांव मढैया तौफीक के सामने पहुंची, तभी सामने से आ रही फर्रुखाबाद डिपो की रोडवेज बस संख्या **UP 76 T 7806** से आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में रोडवेज बस का चालक घायल हो गया, जबकि पिकअप में बैठे आकाश के हाथ में हल्की चोट आई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रक्षा सिंह और चौकी इंचार्ज राहुल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और हालात को नियंत्रित किया। घायल बस चालक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
हादसे के दौरान पिकअप में लदी बड़ी मात्रा में मछलियां सड़क पर बिखर गईं। यह देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कई लोग सड़क पर फैली मछलियों को उठाते नजर आए।
बताया जा रहा है कि सुबह से इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, जिसके कारण दृश्यता काफी कम हो गई थी। प्राथमिक तौर पर इसी वजह से दुर्घटना होना बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
