कीव। रूस के यूक्रेन पर हमले से परमाणु विस्फोट का भी खतरा बढ़ता जा रहा है तो दूसरी ओर रेडिएशन का भी खतरा बढ़ रहा है। शनिवार को रूस (Russia) ने यूक्रेन (Ukraine) के रेडियोएक्टिव वेस्ट फैसिलिटी साइट (Radioactive waste facility site) के पास मिसाइल से हमला किया। इस हमले के बाद आसपास के क्षेत्रों में रेडिएशन का खतरा बढ़ गया है। रेडियोएक्टिव वेस्ट डिस्पोजल साइट पर हमले के बाद आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।
यूक्रेन ने सौंपी परमाणु उर्जा एजेंसी रिपोर्ट
यूक्रेन ने अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) को रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट के अनुसार मिसाइलों ने कीव में एक रेडियोधर्मी वेस्ट डिस्पोजल की साइट पर रात भर हमला किया है। आईएईए डीजी राफेल मारियानो ग्रॉसी (Rafael Mariano Grossi) ने बताया कि इमारत को नुकसान या रेडियोधर्मी रिलीज के किसी भी संकेत की कोई रिपोर्ट नहीं थी।
रूस ने परमाणु प्रतिरोध बलों को हाई अलर्ट किया
रूस और यूक्रेन जंग (Russia Ukraine war) में अब परमाणु युद्ध का खतरा मंडराने लगा है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने अपने रक्षा प्रमुखों को देश के “प्रतिरोध बलों” (Deterrence forces) को हाई अलर्ट पर रखने का आदेश दिया है। उन्होंने पश्चिमी देशों पर रूस के खिलाफ “असभ्य” कदम उठाने का आरोप लगाया है। रूस के परमाणु हथियारों को न्यूक्लियर डेटेरेंट फोर्स संभालती है।
परमाणु निगरानी संस्था ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग
संयुक्त राष्ट्र परमाणु निगरानी संस्था बुधवार को यूक्रेन के बारे में एक आपात बैठक आयोजित करेगी। इस बैठक में 35 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। पुतिन के इस फैसले का अमेरिका ने विरोध किया है। वहीं, नाटो के प्रमुख जेन्स स्टोल्टेनबर्ग ने कहा है कि व्लादिमीर पुतिन का रूसी सेना को अपने परमाणु बलों को उच्चतम स्तर पर अलर्ट पर रखने का आदेश “खतरनाक” और “गैर-जिम्मेदार” है।
गुरुवार को यूक्रेन पर हमला शुरू किया
रूस ने गुरुवार को यूक्रेन पर हमला शुरू किया था। रूस और यूक्रेन के बीच लड़ाई का मुख्य कारण यूक्रेन का अमेरिकी नेतृत्व वाले सैन्य संगठन नाटो का सदस्य बनने की कोशिश है। यूक्रेन का नाटो और यूरोपिय यूनियन से करीबी संबंध है। रूस ने अमेरिका से इस बात की गारंटी की मांग की थी कि यूक्रेन को नाटो का सदस्य नहीं बनाया जाएगा, लेकिन अमेरिका ने इससे इनकार कर दिया। रूस यूक्रेन के नाटो सदस्य बनने को अपनी सुरक्षा के लिए संकट के रूप में देखता है।
Disclaimer: This article has not been edited by Culprit Tahalaka. This news is published by news agency or other source.
Culprit Tahalka – Latest news, Hindi Khabar Live, Uttar Pradesh Breaking News Hindi, Crime News, National News, Filmy News
कलप्रिट तहलका (राष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक) भारत/उप्र सरकार से मान्यता प्राप्त वर्ष 2002 से प्रकाशित। आप सभी के सहयोग से अब वेब माध्यम से आपके सामने उपस्थित है।
समाचार,विज्ञापन,लेख व हमसे जुड़ने के लिए संम्पर्क करें।