सशस्त्र बल वेटरन्स दिवस पर सैनिकों व वीर नारियों को किया गया नमन
पूर्व सैनिकों के सम्मान में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में हुआ कार्यक्रम
एटा। भारत में प्रतिवर्ष 14 जनवरी को सशस्त्र बल वेटरन्स दिवस मनाया जाता है। यह दिन देश की सुरक्षा, स्वतंत्रता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। सशस्त्र बल वेटरन्स दिवस इसलिए मनाया जाता है क्योंकि इसी दिन वर्ष 1953 में फील्ड मार्शल के.एम. करिअप्पा भारतीय सेना के प्रथम कमांडर-इन-चीफ के रूप में सेवा निवृत हुए थे।
इस अवसर पर जनपद में सशस्त्र बल वेटरन्स दिवस का आयोजन जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, कचहरी रोड, एटा में किया गया। कार्यक्रम में लगभग 50 पूर्व सैनिकों एवं 25 वीर नारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल महेन्द्र प्रताप ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ने कहा कि आज के कार्यक्रम का उद्देश्य शहीदों को नमन करने के साथ-साथ पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना है। इस आयोजन के अवसर पर जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने सभी पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों को उनके अदम्य साहस, त्याग और बलिदान के लिए शुभकामनाएं दी है उन्होंने अपने संदेश के माध्यम से कहा है कि पूर्व सैनिकों का योगदान देश की सुरक्षा और संप्रभुता के लिए अमूल्य है। प्रशासन पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान हेतु सदैव तत्पर है तथा पूर्व सैनिकों के हितार्थ सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।कार्यक्रम के दौरान वीर नारियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित वीर नारियों में ग्राम जितनपुर निवासी शहीद हवलदार विजय बहादुर सिंह की पत्नी सावित्री देवी, ग्राम परवाड़ा निवासी शहीद नायक राजेश कुमार की पत्नी रेखा यादव तथा स्वर्गीय सिपाही किशन प्रसाद सिंह की पत्नी राधा देवी शामिल रहीं। कार्यक्रम के अंत में कार्यालय परिसर में शहीदों के सम्मान में पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन कुमार ने कहा कि भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय एवं उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित पूर्व सैनिक कल्याण योजनाओं के अंतर्गत पेंशन, स्वास्थ्य सेवाएं, पुनर्वास एवं रोजगार से संबंधित विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को प्रदान किया जा रहा है।
सशस्त्र बल वेटरन्स दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि हमारी स्वतंत्रता और सुरक्षा के पीछे अनगिनत त्याग और संघर्ष छिपे हैं। यह दिवस प्रत्येक नागरिक को अपने सैनिकों और पूर्व सैनिकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं सहयोग की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित करता है।इस अवसर पर कर्नल महेन्द्र प्रताप, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, मेजर आशीष शाक्य, चिकित्सा अधिकारी, ईएमएएच पुलिस लाइन एटा, विपिन कुमार यादव जिला सेवायोजन अधिकारी, कैप्टन नरेंद्र सिंह, अध्यक्ष गौरव सेनानी वेलफेयर एसोसिएशन सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।इस आयोजन में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय के लेखा लिपिक, वरिष्ठ सहायक मोहन दास, कनिष्ठ सहायक सहित समस्त कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
सशस्त्र बल वेटरन्स दिवस पर सैनिकों व वीर नारियों को किया गया नमन
अमित माथुर - उप संपादक कलप्रिट तहलका
Leave a Comment
Leave a Comment
