कायमगंज (जनपद फर्रुखाबाद) के कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक वृद्ध दम्पति के शव उनके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़े मिले। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बागकूंचा गंगा दरवाजा निवासी 70 वर्षीय पुरुषोत्तम कौशल और उनकी 65 वर्षीय पत्नी पुष्पा कौशल घर में अकेले रहते थे। पुरुषोत्तम कौशल पैरालिसिस के मरीज थे। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे दूध देने पहुंचे दूधिया ने देखा कि घर का गेट अंदर से बंद है। कई बार आवाज लगाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोग एकत्र हो गए। अंदर जाकर देखा तो दोनों के शव पड़े थे।
बताया जा रहा है कि पुरुषोत्तम कौशल का शव बेड पर पड़ा मिला, जबकि पुष्पा कौशल का शव आंगन में पड़ा था। घर का सामान बिखरा मिला, जिससे लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक सुबह पुष्पा देवी ने घर में झाड़ू भी लगाया था। छत पर लगे डीटीएच बॉक्स में लाइट जल रही थी, जबकि टीवी बंद था, जिससे घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह और कोतवाली इंचार्ज मदन मोहन चतुर्वेदी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर फील्ड यूनिट, सर्विलांस और एसओजी टीमों को जांच में लगाया है। मौके से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं।
दम्पति ने गुमगुन नाम की बेटी को गोद लिया था, जिसकी शादी छह माह पूर्व जिला एटा के अलीगंज क्षेत्र के अकबरपुर में हुई थी। घटना की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला लूटपाट के बाद हत्या का प्रतीत हो रहा है। विभिन्न टीमों को लगाया गया है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोहरे हत्याकांड से कायमगंज सहित पूरे फर्रुखाबाद जनपद में सनसनी फैली हुई है।
