एटा। शनिवार को प्राथमिक विद्यालय समोखर, निधौली कलां में शारदा संगोष्ठी, वार्षिकोत्सव,परीक्षाफल वितरण एवं विदाई समारोह का आयोजन बड़े ही धूमधाम से किया गया। सर्वप्रथम मुख्य अतिथि ज्ञानसिंह जी द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलन किया गया। तत्पश्चात विद्यालय की नन्ही नन्ही बालिकाओं द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इसके बाद परीक्षाफल वितरण किया गया तथा प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को डिग्री केप पहनाकर कॉपी, पानी की बोतल, पेंसिल बॉक्स,परीक्षा तख्ती, पेन, पेंसिल आदि से पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही अधिकतम उपस्थिति, अनुशासन , उत्तम कार्य शैली, सुसज्जित वेशभूषा आदि के लिए बच्चों को पुरस्कृत किया गया। समस्त शिक्षकों और उपस्थित गणमान्य ग्रामवासियों ने कक्षा 5 के बच्चों को उपहार देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। बच्चों ने तुरंत तैयार किए गए सेल्फी स्टैंड में बड़े उत्साह और खुशी से फोटो खिंचवाई। तत्पश्चात बालवाटिका, कक्षा 1, 2 की बालिकाओं द्वारा भारत के राज्य-राजधानियां, उत्तर प्रदेश के 75 जिले, कविता ,कहानी आदि सुनाए गए जिसकी कार्यक्रम में आए मेहमानों द्वारा प्रशंसा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा प्रकृति मित्र/ ईको क्लब अभियान के अंतर्गत अनार, नींबू, अमरूद और कचनार के पौधों का पौधारोपण भी करवाया गया। अंत में सभी शिक्षकों, मेहमानों, बच्चों को स्वल्पाहार में समोसा, जलेबी, टॉफियां, नमकीन, बिस्किट आदि वितरित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री ज्ञान सिंह, प्रधानाध्यापिका नीतू सिंह, पंकज कुमार सहायक अध्यापक, आशीष कुमार सहायक अध्यापक, दीप्ति शिक्षामित्र, सुखवीर सिंह, योगेंद्र सिंह, रीना देवी, कमलेश, सुनीता,राधा,रजनी, प्रेम शांति, ममता देवी आदि लोग उपस्थित रहे।
