पीएम आवास योजना–शहरी 2.0 के अंतर्गत लाभार्थियों को आवास आवंटन की प्रथम किस्त का वितरण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में सम्पन्न
जनपद एटा में 627लाभार्थियों के खाते में एक लाख की किश्त हस्तांतरित की गई
एटा। प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी 2.0 के अंतर्गत प्रदेश के नब्बे हजार पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से ₹900करोड़ की अनुदान राशि अंतरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आज जनपद एटा के कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में लाभार्थियों को दिखाया गया। मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा आवास योजना के विभिन्न जनपदों के लाभार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सीधा संवाद भी किया गया एवं लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र भी वितरित किए।
जनपद में यह कार्यक्रम जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह के मार्गदर्शन में जिला नगरीय विकास अभिकरण द्वारा सम्पन्न कराया गया,कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद एटा अध्यक्षा सुधा गुप्ता एवं विधायक एटा सदर विपिन कुमार वर्मा ‘डेविड’ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थिति रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनपद एटा की समस्त नगरीय निकायों के अंतर्गत चयनित कुल 627 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी 2.0 के अंतर्गत आवास आवंटन की प्रथम किस्त के रूप में ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा लाभार्थियों को आवास आवंटन से संबंधित प्रमाण पत्रों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी 2.0 शहरी गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से उन्हें सुरक्षित, पक्का एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। यह योजना सामाजिक सशक्तिकरण और जीवन स्तर में सुधार की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध हो रही है।प्रभारी अधिकारी डूडा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी 2.0 का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में पात्र परिवारों को गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराना है, जिससे वे बेहतर जीवन यापन कर सकें। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे प्राप्त धनराशि का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुसार आवास निर्माण में करें।
कार्यक्रम में जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के परियोजना अधिकारी सुभाष वीर राजपूत, ई ओ नगर पालिका परिषद एटा निहाल सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी आदि उपस्थित रहे।
