UP आगरा के पांच सितारा होटल का सुपरवाइजर लंदन वाली गोरी मैम के चक्कर में इस कदर फंस गया कि रकम ही नहीं विश्वास भी गंवा बैठा। उसे पता ही नहीं चला कि उसके साथ ये साइबर अपराधियों की चाल है।
फेसबुक पर लंदन की जेसिका जेम्स बनकर दोस्ती की। भारत आने पर गिफ्ट का झांसा दिया। मुंबई एयरपोर्ट पर आने की बात कही। इसके बाद विदेशी मुद्रा को भारतीय मुद्रा में बदलवाने के नाम पर 2.21 लाख रुपये खाते में जमा करा लिए। इसके बाद फिर से रकम मांगने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की। मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। धोखाधड़ी राजेश कुमार राजपूत के साथ हुई। वो हरजूपुरा, ताजगंज में किराये पर रहते हैं। वह एक पांच सितारा होटल में सुपरवाइजर हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि फेसबुक पर एक युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी, जिस पर विदेशी युवती का फोटो लगा था। उन्होंने निवेदन स्वीकार कर लिया।
युवती ने फेसबुक मैसेंजर पर बात की। व्हाट्सएप नंबर ले लिया। अपना नाम जेसिका जेम्स बताया, कहा कि वो लंदन में रहती है, भारत में घूमने के लिए आना चाहती है। वीजा और टिकट हो गया है। वह उससे भी मिलेगी। उसके लिए गिफ्ट लेकर आएगी। उसने राजेश के व्हाट्सएप पर गिफ्ट के रूप में खरीदे आईफोन, घड़ी सहित अन्य कीमती चीजों के फोटो भेजे। इस पर उन्होंने विश्वास कर लिया।
राजेश ने बताया कि 20 मार्च को उनके पास मोबाइल पर मैसेज आया। इसमें लिखा था कि वह मुंबई एयरपोर्ट पर आ चुकी है। उसके पास विदेशी मुद्रा है। इसे भारतीय मुद्रा में बदलना होगा। उसे सुरक्षाकर्मियों ने रोक लिया है। इसलिए कुछ रुपयों की जरूरत है। वह मुलाकात होने पर वापस कर देगी। पंजीकरण के लिए 45,500 रुपये की जरूरत है। उनसे केनरा बैंक के किसी अमित के खाते में रकम जमा करा ली। इसके बाद दूसरे नंबर से कॉल किया। इस बार कहा कि 75,500 रुपये और जमा करने होंगे। यह रकम जमा करने पर एक फंड के लिए एक लाख रुपये और मांगे। युवती के कॉल करने के कारण वो विश्वास करते रहे। उनसे कुल 2.21 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। थाना ताजगंज में शिकायत के बाद धोखाधड़ी और आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक सुल्तान सिंह ने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को ठगने के लिए फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाते हैं। नाम और फोटो विदेशी युवक और युवती का होता है। इस काम में युवतियां भी लगी हैं, इसलिए सावधान रहने की जरूरत है। फेसबुक पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करनी चाहिए। कोई रकम जमा करने के लिए कहे तो समझ जाएं, ठगी होने वाली है। किसी तरह की ठगी होने पर पुलिस से शिकायत करें। साइबर क्राइम हेल्प लाइन नंबर 1930 पर काॅल करें।
फाइव स्टार होटल का सुपरवाइजर लंदन वाली गर्लफ्रेंड के चक्कर में FB पर ऐसे फसा की गवा बैठा रकम
