राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एटा के प्रशिक्षार्थियों ने राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में जीते पदक
एटा। प्रधानाचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, एटा दीपक कुमार यादव ने बताया कि दिनांक 20.02.2026 से 22.02.2026 तक के०डी० सिंह बाबू स्टेडियम, लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में संस्थान के प्रशिक्षार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद एवं संस्थान का नाम रोशन किया।
उन्होंने बताया कि व्यवसाय मैकेनिक आर०ए०सी० के प्रशिक्षार्थी श्री आकाश ने लंबी कूद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया तथा 100 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता। इसके अतिरिक्त 400 मीटर रिले दौड़ में आकाश, अमित कुमार (मैकेनिक आर०ए०सी०), रवि कुमार (फिटर) एवं अनुभव कुमार (इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक) की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक अर्जित किया।
प्रधानाचार्य ने बताया कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं कोच के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षार्थियों की इस उपलब्धि से न केवल संस्थान बल्कि जनपद एवं मंडल का भी गौरव बढ़ा है।
उन्होंने समस्त विजेता प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अन्य विद्यार्थियों को भी खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
