
राजस्थान के उदयपुर (Udaipur) में एक दर्जी की उसके दुकान के अंदर दिनदहाड़े हत्या कर दी गई. दर्जी ने सोशल मीडिया पर पैगंबर मोहम्मद पर बीजेपी से सस्पेंड प्रवक्ता नूपुर शर्मा की विवादास्पद टिप्पणी को लेकर उनका समर्थन किया था. हमलावर उनकी दुकान में कपड़े का माप देने के लिए घुसे और उन पर कई बार चाकुओं से वार किए, जिसके बाद टेलर की मौत हो गई. घटना के एक वीडियो में आरोपियों ने हत्या की जिम्मेदारी ली. घटना में शामिल एक हत्यारे रियाज मोहम्मद ने टेलर की हत्या करने से 11 दिन पहले एक धमकी भरा वीडियो भी अपलोड किया था, जो अब वायरल हो रहा है.
वीडियो में रियाज कह रहा है, ”ये वीडियो मैं जुमे के दिन बना रहा हूं. आज 17 तारीख है. इस वीडियो को मैं उस दिन वायरल करूंगा, जिस दिन पैगंबर मोहम्मद की शान में जिसने गुस्ताखी की है, उसका सिर कलम कर दूंगा. आपको एक मैसेज देता हूं कि रियाज ने शुरूआत कर दी है सिर कलम करने की. अब बाकी के जो बचे हैं, उनका सिर आपको कलम करना है.”
हेलमेट पहनकर भागने की कोशिश कर रहे थे हत्यारे
इस घटना के चंद घंटों बाद ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को राजसमंद जिले के भीम क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान उदयपुर के सूरजपोल इलाके के निवासी गोस मोहम्मद, बेटे रफीक मोहम्मद और अब्दुल जब्बार के बेटे रियाज मोहम्मद के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया किदोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर हेलमेट पहनकर भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें भीम क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान पकड़ लिया गया.
पिछले 10 दिन से मिल रही थी जान से मारने की धमकी
बता दें कि मृतक की पहचान राजसमंद जिले के भीमा कस्बे के रहने वाले कन्हैयालाल तेली के रूप में हुई है, जो उदयपुर में सिलाई की दुकान चलाता था. कन्हैयालाल की उम्र 40 साल थी. दस दिन पहले कन्हैयालाल के बेटे ने गलती से फेसबुक के स्टेटस पर नूपुर शर्मा के पक्ष में एक वीडियो अपलोड कर दिया था. तभी से एक खास समुदाय के लोग उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे थे. कन्हैयालाल की हत्या के बाद उदयपुर के कई हिस्सों में कर्फ्यू और धारा 144 लागू कर दी गई है.
कलप्रिट तहलका (राष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक) भारत/उप्र सरकार से मान्यता प्राप्त वर्ष 2002 से प्रकाशित। आप सभी के सहयोग से अब वेब माध्यम से आपके सामने उपस्थित है।
समाचार,विज्ञापन,लेख व हमसे जुड़ने के लिए संम्पर्क करें।
