
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में संजीव बालियान का कद बढ़ा, जाटों को रिझाने की कोशिश (social media)
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में संजीव बालियान का कद बढ़ा, जाटों को रिझाने की कोशिश (social media)
Up Election 2022: भाजपा (BJP) की गुरुवार को घोषित राष्ट्रीय कार्यसमिति में 80 सदस्य, 50 विशेष आमंत्रित सदस्य और 175 स्थायी आमंत्रित सदस्यों की घोषणा की गई है। घोषित राष्ट्रीय कार्यसमिति में पश्चिमी उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) से कई नेताओं को जगह मिली है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा.लक्ष्मीकांत वाजपेयी को 50 विशेष आमंत्रित सदस्यों में स्थान मिला है। वहीं केन्द्रीय पशुपालन एवं मत्स्य राज्य मंत्री डा.संजीव बालियान को 80 सदस्यों में स्थान मिला है। वहीं राज्यसभा सांसद विजयपाल सिंह तोमर (Rajyasabha sansad Vijaypal Singh Tomar) को उड़ीसा राज्य का प्रभारी होने के कारण और प्रदेश सह संगठन महामंत्री व पश्चिम क्षेत्र के प्रभारी कर्मवीर सिंह को 175 स्थायी आमंत्रित सदस्यों में स्थान मिला है। इस तरह मेरठ से चार-चार भाजपा पदाधिकारियों, नेताओं को राष्ट्रीय कार्यसमिति में जगह मिली है। हालांकि इनमें सबसे अधिक चर्चा केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान को लेकर हो रही है। माना जा रहा है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उनकी वेस्ट यूपी में महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
बीजेपी ने डॉ संजीव बालियान पर फिर जताया विश्वास
दरअसल, किसान आंदोलन के बहाने जिस तरह से विपक्ष ने पश्चिमी यूपी की 50 सीटों पर असर रखने वाले जाटों के बीच पैठ बनाने की कोशिश है, उससे सतर्क हुई भारतीय जनता पार्टी अब काउंटर करने जा रही है। भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत के आंसुओं ने जिस तरह से किसान आंदोलन को जाटों के स्वाभिमान की लड़ाई में बदलने की कोशिश की, उससे चौकस हुई बीजेपी ने अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में एक बार फिर पश्चिमी यूपी के जाट नेता केंद्रीय मंत्री एवं मुजफ्फरनगर से सांसद डॉ संजीव बालियान पर विश्वास जताते हुए उन्हें कार्यसमिति में शामिल किया है।
यहां खास बात है कि जाटों की जिस खाप के संजीव बालियान हैं, उसी खाप से भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत भी हैं। ऐसे में भाजपा नेतृत्व को टिकैत इफेक्ट को काउंटर करने के लिए बालियान पार्टी के दूसरे जाट नेताओं के मुकाबले अधिक मुफीद लगते हैं। बता दें कि 2017 के विधानसभा चुनाव में जब अमित शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, तब संजीव बालियान वेस्ट यूपी में सहारनपुर मेरठ और मुरादाबाद मंडल कि कई सीटों पर अपने पसंदीदा उम्मीदवारों को टिकट दिलाने में कामयाब रहे थे । भाजपा नेतृत्व ने तब भी उन पर विश्वास जताया था और वेस्ट यूपी में भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की थी।
कलप्रिट तहलका (राष्ट्रीय हिन्दी साप्ताहिक) भारत/उप्र सरकार से मान्यता प्राप्त वर्ष 2002 से प्रकाशित। आप सभी के सहयोग से अब वेब माध्यम से आपके सामने उपस्थित है।
समाचार,विज्ञापन,लेख व हमसे जुड़ने के लिए संम्पर्क करें।
