हल्द्वानी। संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन ने व्यापक अभियान चलाते हुए संभागीय क्षेत्र में परिवहन निगम की बसों पर कार्रवाई की। कई बसों पर संबंधित मामलों में कार्रवाई भी की गयी। संभागीय परिवहन अधिकारी नंदकिशोर ने बताया कि हल्द्वानी संभाग के अंतर्गत जनपद नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत जिले में परिवहन निगम की बसों में सभी प्रवर्तन दलों ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान 246 बसों को चेक किया गया जिनमें 53 बसों के चालान किये गये। तीन चालकों के लाइसेंस के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की गई। अभियान के दौरान चार वाहनों में ओवरलोडिंग पाई गई। 13 वाहनों में प्रेशर हॉर्न पाये गए। बिना निर्धारित वर्दी 17, बिना कंडक्टर लाइसेंस 8, बिना परमिट 3, बिना चालक लाइसेंस 7 एवं बिना फिटनेस एक और अन्य 21 अभियोगों में चालान किए गए। सभी प्रर्वतन दलों को लगातार प्रवर्तन कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है । उल्लेखनीय है कि कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने रोडवेज की बसों की निगरानी करने के निर्देश दिए थे।
दिल्ली और नैनीताल रूट की बसों में भीड़
हल्द्वानी। हल्द्वानी बस अड्डे पर सुबह से ही बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों के बीच मारामारी की स्थिति रही। बस न मिलने की वजह से दोपहर में यात्री भटकते दिखे।
दिल्ली और नैनीताल रूट की बसों में भीड़ बढ़ रही है। अब सप्ताहांत ही नहीं, बल्कि सामान्य दिनों में भीड़ है। हल्द्वानी डिपो के अनुसार, नैनीताल के लिए कुल 10 बसें भेजी जा रही हैं और बसों के फेरे भी बढ़ा दिए गए हैं। साथ ही दिल्ली के लिए प्रतिदिन 23 बसें जा रहीं हैं। इसके साथ ही पहाड़ के अन्य रूट के लिए बसों में यात्रियों की भीड़ बढ़ रही है।
